

धूमावती जयंती पर जरूरतमंद माताओं का सम्मान, वितरित की उपयोगी सामग्री एवं आर्थिक सहायता
बीकानेर। श्री जी धूमावती चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा धूमावती जयंती के अवसर पर संस्थापक पंडित घनश्याम आचार्य के सान्निध्य में धूमावती माताओं का पूजन-अर्चन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया। कार्यक्रम श्रद्धा, सेवा एवं सम्मान के भाव के साथ आयोजित किया गया। ट्रस्ट के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने बताया कि इस अवसर पर धूमावती माताओं को शर्बत की बोतलें, साड़ियां, दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री तथा नकद राशि भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि समाज की वरिष्ठ एवं जरूरतमंद माताओं के सम्मान और सहयोग के लिए ट्रस्ट निरंतर सेवा कार्य कर रहा है। ट्रस्ट के सचिव भंवरलाल चांडक ने बताया कि श्री जी धूमावती चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वाली 100 जरूरतमंद धूमावती माताओं को प्रत्येक तीन माह में आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इस अवसर पर वीरेंद्र किराड़ू, दाऊलाल खुड़िया, अनिल शर्मा, हरबंश लाल अरोड़ा, गेवरचंद आचार्य, बाबू आचार्य, लालू पुजारी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
