

डूंगर कॉलेज में जर्मन और महारानी सुदर्शना कॉलेज में स्पेनिश भाषा केंद्र स्थापित, शीघ्र शुरू होंगे प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम
बीकानेर। उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान डूंगर कॉलेज के प्रो. ब्रजरत्न जोशी ने बताया कि राज्य बजट घोषणा वर्ष 2025-26 के अंतर्गत विदेशी भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत श्री डूंगर कॉलेज में जर्मन भाषा तथा महारानी सुदर्शना कॉलेज में स्पेनिश भाषा अध्ययन केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि दोनों केंद्रों पर जून माह के अंत तक चार माह अवधि के ऑनलाइन प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम प्रारंभ कर दिए जाएंगे। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को विदेशी भाषाओं का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा, जिससे उनके रोजगार एवं उच्च शिक्षा के अवसरों में वृद्धि होगी। प्रो. जोशी ने बताया कि राजकीय महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए पाठ्यक्रम शुल्क एक हजार रुपये तथा गैर-सरकारी संस्थानों के विद्यार्थियों के लिए दो हजार रुपये निर्धारित किया गया है। प्रत्येक अध्ययन केंद्र पर 30 से 70 सीटें उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि श्री डूंगर कॉलेज में प्रबंधन स्नातकोत्तर (एमबीए) एवं कंप्यूटर अनुप्रयोग स्नातकोत्तर (एमसीए) पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) से आवश्यक स्वीकृति प्राप्त होते ही आगामी माह से इन दोनों पाठ्यक्रमों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
