

कोडमदेसर तालाब जीर्णोद्धार अभियान को मिली 90 प्रतिशत सफलता, अब होगा सौंदर्यीकरण कार्य
बीकानेर। कोडमदेसर में चलाए जा रहे तालाब जीर्णोद्धार अभियान को बड़ी सफलता मिली है। मानसून आगमन से पूर्व तालाब के जीर्णोद्धार का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है, जिससे क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। कम्यूनिटी वेलफेयर सोसायटी के कन्हैयालाल भाटी ने बताया कि भक्तों की मेहनत, जनसहयोग एवं भैरूनाथ बाबा की कृपा से तालाब के जीर्णोद्धार का अधिकांश कार्य समय पर पूरा हो गया है। उन्होंने बताया कि तालाब की पूर्ण सफाई के साथ-साथ इसकी दीवारों के सहायक संरचनाओं के निर्माण और प्लास्टर का कार्य भी संपन्न कर लिया गया है। भाटी ने बताया कि तीन दिन पूर्व हुई प्री-मानसून वर्षा से तालाब में पानी की आवक शुरू हो गई है। विशेष बात यह रही कि तालाब में पानी आने से ठीक एक दिन पहले ही दीवारों के सहायक निर्माण का कार्य पूरा हो गया था, जिससे निर्माण कार्य को किसी प्रकार की क्षति नहीं पहुंची। उन्होंने बताया कि शेष लगभग 10 प्रतिशत कार्य में दीवारों पर प्लास्टर का कार्य शामिल है, जिसे मचान की सहायता से पूरा किया जाएगा। इसके अलावा गौघाट के समीप कुछ निर्माण कार्य भी शेष है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। राजकुमार किराड़ू ने बताया कि जीर्णोद्धार कार्य के अंतिम चरण के बाद अब तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इसके अंतर्गत तालाब परिसर को अधिक आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
