Bikaner Bikaner District Rajasthan

पेपर लीक और भर्ती में देरी पर कांग्रेस ने जताई चिंता, युवाओं के हित में आंदोलन की चेतावनी

पेपर लीक और भर्ती में देरी पर कांग्रेस ने जताई चिंता, युवाओं के हित में आंदोलन की चेतावनी
बीकानेर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी बीकानेर की बैठक जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न समसामयिक मुद्दों, युवाओं से जुड़े प्रश्नों, संगठनात्मक गतिविधियों तथा आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान पदाधिकारियों ने कहा कि नीट, सीबीएसई, पीएससी, व्यापम और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी जैसी संस्थाओं की लगातार विफलताओं तथा प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं ने देश की प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र लीक होने के कारण परीक्षाओं का निरस्त होना, अभ्यर्थियों को पुनः परीक्षा देने के लिए मजबूर किया जाना तथा भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार हो रही देरी से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। बैठक के दूसरे सत्र में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा आयोजित संवाद कार्यक्रम ‘‘छात्रों की गूंज’’ का प्रसारण पुनः दिखाया गया, जिसमें छात्रों और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। तीसरे सत्र में पीबीएम सुधारो जनआंदोलन, जिले की विभिन्न जनसमस्याओं, संगठन की गतिविधियों तथा आगामी रणनीति एवं कार्यक्रमों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि यदि युवाओं को न्याय नहीं मिला, भर्ती प्रक्रियाओं को समयबद्ध नहीं किया गया और प्रश्नपत्र लीक करने वाले गिरोहों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। बैठक में डॉ. बी.डी. कल्ला, शिमला नायक सहित कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उपस्थित नेताओं ने युवाओं के हितों की रक्षा तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *