Bikaner Bikaner District India Rajasthan

8 से 10 जनवरी तक होगा अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव, वैश्विक स्तर पर होगा प्रचार

8 से 10 जनवरी तक होगा अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव, वैश्विक स्तर पर होगा प्रचार
बीकानेर। अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव का आयोजन आगामी 8 से 10 जनवरी 2027 तक होगा। उत्सव में देशी और विदेशी पर्यटकों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए इसे भव्य रूप दिया जाएगा। जिला कलक्टर ने जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक में उत्सव की प्रारंभिक तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव बीकानेर को विशेष पहचान दिलाने वाला आयोजन है। इसे इस बार विभिन्न नवाचारों के साथ भव्य तरीके से आयोजित किया जाए। उन्होंने उत्सव की रूपरेखा को शीघ्र अंतिम रूप देने तथा वैश्विक स्तर पर प्रचार-प्रसार के लिए पारंपरिक माध्यमों के साथ सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म का उपयोग करने के निर्देश दिए। बैठक में जिले में पर्यटन विकास की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।
7 और 8 जनवरी को होगा बीकानेरी भुजिया महोत्सव
जिला कलक्टर ने बताया कि 7 और 8 जनवरी को ग्रामीण हाट में बीकानेरी भुजिया महोत्सव आयोजित किया जाएगा। उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र की ओर से आयोजित होने वाले इस महोत्सव का उद्देश्य भुजिया उद्योग को प्रोत्साहन देना है। इसमें भुजिया बनाने, पैकेजिंग और विपणन का प्रायोगिक प्रदर्शन करने के साथ आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके लिए भुजिया व्यापारियों और निर्माताओं को आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही भुजिया उद्योग से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद भी होगा।
हेरिटेज सेल शीघ्र शुरू करने के निर्देश
जिला कलक्टर ने शहर की ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के लिए नगर निगम की हेरिटेज सेल को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने इससे संबंधित उपनियमों (बायलॉज) को जल्द अंतिम रूप देने पर जोर दिया। बैठक में पर्यटकों की सुविधा के लिए शहर में होम स्टे और गेस्ट हाउस की सुविधाओं का विस्तार करने सहित पर्यटन विकास से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
पर्यटन विभाग के उपनिदेशक कृष्ण कुमार ने जिले के पर्यटन परिदृश्य और भावी योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी, बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त स्नेहल धायगुड़े नाना, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक महेश व्यास सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *