

कलश यात्रा के साथ महामहोत्सव शुरू
बीकानेर। महंत श्यामदास महात्यागी त्यागी बाबा की प्रथम पुण्यतिथि महामहोत्सव का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ। मथुरा के श्री बहुलावन बाटी स्थित श्री सीताराम मंदिर महावीर बाग में आयोजित यह धार्मिक कार्यक्रम 31 अक्टूबर तक चलेगा। सियाराम महाराज की कृपा, रामदास महाराज के सान्निध्य तथा सरजूदास महाराज के नेतृत्व में आयोजित इस महोत्सव में विभिन्न संत-महात्माओं का आगमन होगा। सरजूदास महाराज ने बताया कि कलश यात्रा में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भजन-कीर्तन, जय श्रीराम के जयघोष और राधे-राधे की मधुर गूंज से ब्रजभूमि भक्तिमय हो उठी। श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ निकाली गई कलश यात्रा ने पूरे वातावरण को धर्ममय बना दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देव सिंह ने कहा कि धर्म और सेवा के कार्य निरंतर होते रहने से समाज में सकारात्मकता का वातावरण बनता है। कलश यात्रा के पश्चात श्यामसुंदर पाराशर महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा का मंगलमय शुभारंभ किया।
