

राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग में सींवर का शानदार प्रदर्शन, अब तक जीते दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक
बीकानेर। मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर राजस्थान के होनहार जूनियर साइकिलिस्ट हरिप्रकाश सींवर ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। झारखंड की राजधानी रांची में 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक आयोजित 78वीं सीनियर, 55वीं जूनियर एवं 41वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग प्रतियोगिता में हरिप्रकाश ने अब तक दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग की व्यक्तिगत परस्यूट (Individual Pursuit) स्पर्धा में हरिप्रकाश ने मात्र 3 मिनट 37 सेकंड का समय दर्ज कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। ट्रैक पर उनकी शानदार गति, तकनीकी दक्षता और बेहतरीन खेल कौशल ने उन्हें प्रतियोगिता में विशेष पहचान दिलाई। इससे पहले भी वे एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुके हैं। कोच श्रवण कुमार भाम्भू ने बताया कि हरिप्रकाश की यह उपलब्धि वर्षों के कठिन अभ्यास, निरंतर मेहनत, अनुशासन और साइकिलिंग के प्रति उनके समर्पण का परिणाम है। उनकी इस सफलता से राजस्थान के खेल जगत में खुशी का माहौल है।
