

बोलेरो वाहन जब्त, आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज
बीकानेर। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की आचार संहिता के मद्देनजर आबकारी विभाग की ओर से अवैध मदिरा के विक्रय एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने रात्रि गश्त के दौरान कार्रवाई करते हुए 288 पव्वे देशी शराब बरामद की तथा बोलेरो वाहन जब्त किया। आबकारी आयुक्त, राजस्थान, उदयपुर के निर्देशानुसार आबकारी उपायुक्त नमित मेहता के निर्देशन तथा सहायक आबकारी अधिकारी, बीकानेर प्रताप सिंह खुड़ी के नेतृत्व में आबकारी निरोधक दल ने यह कार्रवाई की। आबकारी निरोधक दल के प्रभारी सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में बीकानेर ग्रामीण क्षेत्र की टीम रात्रि गश्त कर रही थी। इसी दौरान बरजांगसर गांव में सांडवा (चूरू) से बरजांगसर की ओर आ रही महिंद्रा बोलेरो गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई। वाहन का पंजीकरण नंबर RJ07 UA 4143 है। तलाशी के दौरान वाहन में रखे छह गत्तों से ग्लोबल नींबू देशी शराब के कुल 288 पव्वे बरामद हुए। इस मामले में वाहन चालक देवी सिंह पुत्र भीम सिंह, निवासी बरजांगसर, पुलिस थाना श्रीडूंगरगढ़, जिला बीकानेर के विरुद्ध राजस्थान आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 एवं 54-ए के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त कर लिया गया। आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है। आबकारी विभाग ने बताया कि चुनाव आचार संहिता के दौरान अवैध मदिरा के विक्रय एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी रात्रि गश्त और निरोधात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
