Bikaner Bikaner District Rajasthan

वार्ड 61 में यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग, स्थायी पुलिसकर्मी नियुक्त करने की अपील

वार्ड 61 में यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग, स्थायी पुलिसकर्मी नियुक्त करने की अपील
बीकानेर। पुराने शहर के वार्ड संख्या 61 में लगातार बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर क्षेत्र में स्थायी यातायात पुलिसकर्मी नियुक्त करने की मांग की गई है। पार्षद गिरिराज जोशी ने यातायात निरीक्षक को पत्र लिखकर क्षेत्र की यातायात समस्या से अवगत करवाते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। जोशी ने बताया कि वार्ड 61 पुराना शहर क्षेत्र का हिस्सा है, जहां संकरी गलियां और शहर के प्राचीन बाजार स्थित हैं। इसी वार्ड में नगर सेठ लक्ष्मीनाथ जी का प्रसिद्ध मंदिर है, जहां शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा बड़ा बाजार, घूमचक्कर, सुपारी बाजार, गुजिया बाजार, सब्जी बाजार एवं लक्ष्मीनाथ जी घाटी जैसे प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में दिनभर लोगों का आवागमन बना रहता है। उन्होंने बताया कि व्यस्ततम मार्गों और बाजारों में यातायात का दबाव अधिक रहने से आए दिन अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होती है। इससे आमजन, व्यापारियों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार इस स्थिति के कारण विवाद भी हो जाते हैं। पार्षद ने बताया कि त्योहारों के दौरान इन बाजारों में भीड़ और अधिक बढ़ जाती है, जिससे यातायात व्यवस्था संभालना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। उन्होंने यातायात निरीक्षक से क्षेत्र का मौका मुआयना कर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने तथा स्थायी रूप से यातायात पुलिसकर्मी की नियुक्ति करने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *