

त्यागी बाबा की प्रथम पुण्यतिथि पर संत समागम, श्रीमद्भागवत कथा और हनुमंत महायज्ञ का आयोजन
बीकानेर। श्रीधाम बहुलावन, बाटी स्थित त्यागी बाबा आश्रम में साकेतवासी वैष्णव कुलभूषण श्यामदास महात्यागी (त्यागी बाबा) की प्रथम पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में आयोजित महामहोत्सव के आठवें दिवस संत समागम का आयोजन किया गया। मथुरा के सीताराम मंदिर, महावीर बाग में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम सियाराम महाराज की कृपा, रामदास महाराज के सान्निध्य तथा सरजूदास महाराज के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर श्रीमद्भागवत कथा, हनुमंत महायज्ञ एवं विराट संत सम्मेलन सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। संतों ने अपने प्रवचनों के माध्यम से धर्म, भक्ति, सेवा, त्याग एवं आध्यात्मिक जीवन के महत्व पर प्रकाश डाला। यज्ञानुष्ठान यज्ञाचार्य पं. अशोक ओझा के सान्निध्य में विधि-विधानपूर्वक सम्पन्न हुआ। पूर्णाहुति हवन के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का समापन होगा। इस अवसर पर 26 गांवों के श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन भी किया जाएगा। आयोजन में श्रद्धालुओं ने संतों का आशीर्वाद प्राप्त कर त्यागी बाबा को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।
