

नशे व सामाजिक बुराइयों के खिलाफ सख्ती की मांग, सर्व कामगार सेवा संघ ने एसपी से की मुलाकात
बीकानेर। सर्व कामगार सेवा संघ राजस्थान की टीम ने प्रदेशाध्यक्ष भंवर पुरोहित के नेतृत्व में बीकानेर जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा से मुलाकात कर शहर में बढ़ती सामाजिक बुराइयों और अपराधों पर चिंता जताई। भंवर पुरोहित ने बताया कि बीकानेर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन नीलकंठ” अभियान सराहनीय है, लेकिन इसके दायरे को और व्यापक करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नशे के व्यापार के साथ-साथ शहर में बढ़ रही सट्टेबाजी, अवैध हथियारों का प्रचलन, जुआ और अनाधिकृत रूप से ऊंची ब्याज दरों पर धन का लेन-देन जैसे मुद्दों को भी इस अभियान में शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि कुछ लोग बीस रुपए सैकड़ा तक की दर से ब्याज पर पैसा दे रहे हैं, जिससे युवाओं में अपराध प्रवृत्ति बढ़ रही है। यह स्थिति समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है और समय रहते इस पर नियंत्रण आवश्यक है। प्रदेश महामंत्री आर.एस. हर्ष ने कहा कि संघ की पूरी टीम समाज में फैली इन कुरीतियों के उन्मूलन के लिए पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग करने को तैयार है। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने शिष्टमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस अभियान में सामाजिक संगठनों और शहर के प्रबुद्ध नागरिकों की भी भूमिका तय की जाएगी, ताकि समाज से बुराइयों को जड़ से समाप्त किया जा सके। इस दौरान संघ के उपाध्यक्ष रमेश चंद्र उपाध्याय, प्रदेश मंत्री धन्नादास, संगठन मंत्री सुभाष पुरोहित, प्रचार मंत्री कैलाश सारस्वत, जगदीश शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
