

17 अप्रैल से 11 मई तक नहरबंदी, 48 घंटे के अंतराल से होगी जलापूर्ति
बीकानेर। जिले में इंदिरा गांधी नहर परियोजना के अंतर्गत 17 अप्रैल से 11 मई तक पूर्ण नहरबंदी प्रभावी रहेगी। जलाशयों में उपलब्ध जल की सीमित मात्रा को ध्यान में रखते हुए 17 अप्रैल से शहर में एक दिन छोड़कर (48 घंटे के अंतराल से) पेयजल वितरण किया जाएगा।
जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता खेमचंद सिंगारिया ने बताया कि जलापूर्ति जोनवार सम-विषम दिनांकों के अनुसार की जाएगी, जिससे सभी क्षेत्रों तक संतुलित रूप से पानी पहुंचाया जा सके।
प्रथम जोन में 17 अप्रैल से विषम तिथियों पर जलापूर्ति होगी। इस जोन में जेलवेल टंकी, सुभाषपुरा टंकी, गोगागेट टंकी, करणी नगर उच्च जलाशय, समतानगर, नत्थूसर, नयाशहर, जवाहर नगर, सेटेलाइट, बंगलानगर, लक्ष्मीनाथ मंदिर और गोपेश्वर टंकियों से जुड़े क्षेत्र शामिल हैं। इन क्षेत्रों में कोटगेट, फड़बाजार, जोशीवाड़ा, मोहता चौक, दम्माणी चौक, जस्सूसर गेट, नाल रोड, पूगल रोड, करणी नगर, गांधी नगर, जवाहर नगर, रंगा कॉलोनी सहित अनेक इलाके शामिल हैं।
द्वितीय जोन में 18 अप्रैल से षम तिथियों पर जलापूर्ति की जाएगी। इसमें स्टेडियम टंकी, साखू डेरा, जयनारायण व्यास कॉलोनी, नागणेचजी, रानी बाजार, भीनासर, गंगाशहर, रामपुरा बस्ती और मुरलीधर व्यास नगर सहित कई क्षेत्रों को शामिल किया गया है।
इसके अलावा इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर, महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विसेज और शोभासर क्षेत्र में पंप हाउस से डायरेक्ट सप्लाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि नहरबंदी के दौरान पानी का उपयोग अत्यंत सावधानी और मितव्ययता के साथ करें तथा अनावश्यक रूप से पानी व्यर्थ न बहाएं। विभाग द्वारा अंतिम छोर तक जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उड़न दस्तों के माध्यम से अवैध बूस्टर जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि जल प्रबंधन के दौरान कुछ क्षेत्रों में आधे घंटे की विद्युत कटौती भी की जा सकती है। विभाग ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी के सहयोग से ही इस विषम स्थिति से सुचारू रूप से निपटा जा सकेगा।
