

पुलिसकर्मियों की सहायता राशि बढ़ाने और बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक मदद पर मंथन
बीकानेर-जयपुर। राजस्थान पुलिस कार्मिक कल्याण न्यास की न्यासी समिति की 53वीं बैठक गुरुवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित हुई। समिति के अध्यक्ष एवं महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वर्ष 2025-26 के आय-व्यय का अनुमोदन किया गया। इसके साथ ही पिछली बैठक के निर्णयों की अनुपालना की समीक्षा कर विभिन्न नए प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को न्यास के माध्यम से मिलने वाली सहायता का दायरा बढ़ाने पर चर्चा हुई। पुलिस सेवा के दौरान मृत्यु होने अथवा पूर्ण दिव्यांगता की स्थिति में वर्तमान में दी जाने वाली 50 हजार रुपए की सहायता राशि में वृद्धि के सुझावों पर भी मंथन किया गया। इसके अलावा पुलिसकर्मियों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने, पुलिस लाइनों में सुविधाओं का विस्तार करने तथा पुस्तकालयों के निर्माण जैसे प्रस्तावों पर विचार किया गया। पुलिस परिसरों में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से ग्रीन ड्राइव शुरू करने का सुझाव भी दिया गया। बैठक में पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को जरूरत के समय बेहतर सहायता उपलब्ध कराने तथा न्यास की कल्याणकारी गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। न्यास के कोष को मजबूत करने के लिए कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत विभिन्न संस्थानों से सहयोग प्राप्त करने तथा पुलिसकर्मियों की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने के विकल्पों पर भी चर्चा की गई।
