

प्रहलाद मार्शल ने निर्वाचन आयुक्त को पत्र लिखकर पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की
बीकानेर। निकाय चुनाव-2026 एवं पंचायतीराज चुनाव-2026 की निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान ईवीएम कमिश्निंग तथा मतदान के बाद ईवीएम को स्ट्रॉन्ग रूम में जमा करवाने की प्रक्रिया में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सूचित नहीं किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी देहात बीकानेर के संगठन महासचिव प्रहलाद मार्शल ने राजस्थान निर्वाचन आयोग के निर्वाचन आयुक्त को पत्र लिखकर आपत्ति दर्ज करवाई है। पत्र में मार्शल ने बताया कि पूर्व में ईवीएम कमिश्निंग के दौरान फॉर्म संख्या 7, 8, 9, 10 एवं 11 पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर करवाए जाते थे। वहीं, मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम को स्ट्रॉन्ग रूम में जमा करवाते समय भी राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों को उपस्थित रहने का अवसर दिया जाता था। इसके अतिरिक्त स्ट्रॉन्ग रूम की सील पर प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर भी करवाए जाते थे। इससे निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने में मदद मिलती थी। मार्शल ने इस प्रक्रिया में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सूचित नहीं किए जाने पर आपत्ति जताते हुए निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने तथा पूर्व में अपनाई जाने वाली व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक स्पष्टीकरण देने की मांग की है।
