

डॉ. भंवरसिंह सामौर की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित, साहित्यिक योगदान को किया याद
बीकानेर। इन्टेक एवं रोटरी क्लब सुप्रीम के संयुक्त तत्वावधान में रोटरी क्लब बीकानेर स्थित आशाराम मोहिनी देवी चूरा पुस्तकालय में डॉ. भंवरसिंह सामौर की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। डॉ. कृष्णलाल बिश्नोई ने कहा कि डॉ. सामौर राजस्थान के संत साहित्य के गहन पारखी थे। उन्होंने अपने विद्वतापूर्ण विचारों एवं साहित्यिक योगदान से जाम्भाणी साहित्य को अनेक सभाओं और मंचों पर समृद्ध किया। उनका साहित्यिक अवदान सदैव स्मरणीय रहेगा। श्रद्धांजलि सभा में डॉ. गौरीशंकर प्रजापत, पृथ्वीराज रतनू, डॉ. नमामिशंकर आचार्य एवं मनमोहन कल्याणी सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए डॉ. सामौर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया। इस अवसर पर रोटरी क्लब अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता ने डॉ. सामौर की पुस्तकालय संबंधी योजना को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि रोटरी क्लब बीकानेर इस योजना को आगे बढ़ाने की दिशा में कार्य करेगा।
