Bikaner Bikaner District Rajasthan

दीपावली पर 42 स्थानों पर रोशनी से जगमगाएगा बीकानेर, बीडीए आयोजित करेगा सजावट प्रतियोगिता

दीपावली पर 42 स्थानों पर रोशनी से जगमगाएगा बीकानेर, बीडीए आयोजित करेगा भव्य सजावट प्रतियोगिता
बीकानेर। दीपावली के अवसर पर बीकानेर शहर को रोशनी और आकर्षक सजावट से जगमगाने के लिए बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) की ओर से विशेष पहल की गई है। इसके तहत शहर के 42 प्रमुख स्थानों पर भव्य विद्युत सजावट एवं थीम आधारित साज-सज्जा की जाएगी। साथ ही टेंट व्यवसायियों के बीच रचनात्मकता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सजावट प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। बीकानेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त श्रीमती स्नेहल धायगुड़े नाना ने बताया कि इस संबंध में शहर के टेंट व्यवसायियों के साथ बैठक आयोजित कर विभिन्न स्थानों का आवंटन किया गया है। प्रत्येक व्यवसायी को एक, दो अथवा तीन स्थानों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी व्यवसायी आपसी समन्वय और सहयोग से आकर्षक विद्युत सजावट, थीम आधारित रोशनी एवं रचनात्मक साज-सज्जा करेंगे। इस पहल का उद्देश्य शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ नवाचार और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के तहत सजावट का मूल्यांकन करने के लिए बीडीए की ओर से तीन सदस्यीय दल गठित किए गए हैं। ये दल 6, 7 एवं 8 नवंबर को प्रतिदिन शाम 7 बजे से शहर के सभी 42 स्थानों का निरीक्षण कर सजावट का मूल्यांकन करेंगे। मूल्यांकन के लिए चार श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। इनमें सजावट की गुणवत्ता एवं आकर्षण, थीम आधारित विद्युत सजावट एवं रचनात्मकता, टेंट का आकार एवं विस्तार तथा नवाचार एवं नवीन प्रयोग शामिल हैं। प्रत्येक श्रेणी के लिए 25 अंक निर्धारित किए गए हैं। मूल्यांकन दल तीनों दिन निर्धारित प्रारूप के अनुसार निरीक्षण करेंगे। मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद समेकित परिणाम के आधार पर सर्वश्रेष्ठ सजावट करने वाले प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। आयुक्त ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अलावा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अन्य टेंट व्यवसायियों एवं संबंधित कार्मिकों को भी प्रोत्साहन स्वरूप प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आगामी गणतंत्र दिवस समारोह में जिला स्तर पर सम्मानित करने के लिए बीडीए की ओर से जिला प्रशासन को अनुशंसा भेजी जाएगी। प्राधिकरण के अनुसार यह पहल शहर में सामूहिक सहभागिता, रचनात्मकता एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के साथ बीकानेर की सुंदरता और दीपावली की रौनक में चार चांद लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *