

22 नवंबर को 32 जिलों में होगा उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, 92.83 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक
बीकानेर/जयपुर। प्रदेश के चयनित 32 जिलों में आगामी 22 नवंबर को उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत पांच वर्ष तक की आयु के 92 लाख 83 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को स्वास्थ्य भवन में मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. जोगाराम की अध्यक्षता में स्टेट टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डॉ. जोगाराम ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए प्रत्येक स्तर पर समन्वय स्थापित कर अभी से तैयारियां शुरू की जाएं। उन्होंने अभियान में तैनात होने वाले कार्मिकों का समय पर प्रशिक्षण सुनिश्चित करने तथा जिलों में आवश्यक तैयारियों और प्रबंधन के लिए गठित समितियों की बैठकें आयोजित कर प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। अभियान बीकानेर। अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बाड़मेर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, चूरू, दौसा, धौलपुर, डूंगरपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जयपुर, जैसलमेर, जालौर, झालावाड़, झुंझुनूं, जोधपुर, कोटा, कोटपुतली-बहरोड़, नागौर, पाली, राजसमंद, सवाईमाधोपुर, सलूम्बर, सीकर, सिरोही, टोंक एवं उदयपुर जिलों में आयोजित किया जाएगा।
