Bikaner Bikaner District Rajasthan

यातायात, सफाई और सुरक्षा व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

यातायात, सफाई और सुरक्षा व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
बीकानेर। दीपावली के मद्देनजर शहर में यातायात, साफ-सफाई, सार्वजनिक प्रकाश और अग्निशमन सहित अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला कलक्टर ने विभिन्न विभागों और व्यापार-उद्योग संघ के प्रतिनिधियों की बैठक ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने कहा कि पुलिस प्रमुख मार्गों के लिए यातायात प्लान तैयार कर समय पर आमजन को इसकी जानकारी उपलब्ध करवाए। बाजारों में पार्किंग की प्रभावी व्यवस्था करने के साथ बेरिकेडिंग सहित अन्य आवश्यक इंतजाम भी समय पर किए जाएं। उन्होंने पुलिस यातायात शाखा और व्यापारिक प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित कर यातायात प्रबंधन को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम को साफ-सफाई, सार्वजनिक प्रकाश और सड़कों के सुदृढ़ीकरण से जुड़े कार्य प्राथमिकता से करवाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि मुख्य मार्गों सहित शहरी क्षेत्र में कहीं भी स्ट्रीट लाइट बंद नहीं रहें। पाइपलाइन मरम्मत के लिए सड़क खोदे जाने पर कार्य पूरा होते ही सड़क को तत्काल दुरुस्त करवाया जाए। साथ ही अग्निशमन विभाग की गाड़ियों की उपलब्धता की जानकारी आमजन तक पहुंचाने और फायर ब्रिगेड को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त सामग्री उपलब्ध होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग आवश्यक निगरानी रखें। उन्होंने पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर स्थित बर्न यूनिट में सभी आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश भी दिए, ताकि दीपावली के दौरान किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध करवाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *