

रात में सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए रोटरी रॉयल्स ने शुरू किया रिफ्लेक्टिव बेल्ट अभियान
बीकानेर। रात के समय राजमार्गों पर विचरण करने वाले गौवंश की कम दृश्यता के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं का जोखिम कम करने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स ने रिफ्लेक्टिव रेडियम बेल्ट अभियान शुरू किया है। इस पहल में डॉ. आर.के. धुरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पशुओं से जुड़ी समस्याओं के अपने अनुभव और विश्वविद्यालय की विशेषज्ञता को सामाजिक सेवा गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से डॉ. धुरिया ने रोटरी रॉयल्स के सदस्यों के साथ इस विषय पर चर्चा की। इसके बाद गौवंश को रात के समय दूर से ही पहचानने में मदद करने के लिए रिफ्लेक्टिव बेल्ट पहनाने की पहल की गई। अभियान का शुभारंभ डॉ. सुमंत व्यास ने गाय के गले में रिफ्लेक्टिव बेल्ट पहनाकर तथा अभियान दल को हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर विपिन लड्ढा ने कहा कि सड़कों पर गौवंश की मौजूदगी से होने वाली दुर्घटनाएं पशुओं के साथ-साथ वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी जोखिम पैदा करती हैं। ऐसी समस्याओं के समाधान के लिए क्लब विश्वविद्यालय और अन्य संस्थानों की विशेषज्ञता को सामाजिक सेवा गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास कर रहा है।
