Bikaner Rajasthan Sports

70वीं राज्य स्तरीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में एक्रोबैटिक मुकाबलों ने बांधा समां

70वीं राज्य स्तरीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में एक्रोबैटिक मुकाबलों ने बांधा समां
बीकानेर। 70वीं राज्य स्तरीय जिम्नास्टिक खेलकूद प्रतियोगिता अब निर्णायक दौर में पहुंच गई है। प्रतियोगिता के छठे दिन मंगलवार को एक्रोबैटिक जिम्नास्टिक के रोमांचक मुकाबले आयोजित हुए। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने शानदार संतुलन, तालमेल, लचीलापन और खेल कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों को प्रभावित किया। जोधपुर, नागौर, जयपुर, बीकानेर, अजमेर, उदयपुर और पाली सहित विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और जोश से मल्टीपर्पज करणी सिंह स्टेडियम ऑडिटोरियम प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के ऐतिहासिक संगम का गवाह बना हुआ है। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ अनुशासन और खेल भावना का बेहतरीन तालमेल देखने को मिला। जिला शिक्षा अधिकारी रामगोपाल शर्मा ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों का उत्साह, अनुशासन और प्रदर्शन यह दर्शाता है कि राजस्थान में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ऐसी प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और उच्च स्तर पर प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान करती हैं। प्रधानाचार्य लाजवंती ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए शिक्षा विभाग, निर्णायकों, प्रशिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े कार्मिकों द्वारा लगातार समन्वय के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए आयोजन समिति पूरी तरह प्रयासरत है। इस अवसर पर किशनदान चारण, सुधा व्यास, शिवराज सिंह, नारायण दास पणिया, रामकुमार, पवन नायक, संतोष नायक, शिव नायक, राजेश नायक, यशपाल सिंह, सुरेश खेड़िया, सुनील सैन, युद्धवीर सिंह, अजय कुमार, सुधीर शर्मा, अशोक, उपेन्द्र सिंह शेखावत एवं अमित चौधरी सहित शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी, कार्मिक, प्रशिक्षक एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *