

47 परीक्षा केंद्रों पर उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न, पहली पारी में 69.71 प्रतिशत उपस्थिति
बीकानेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी पुनः परीक्षा-2021 जिला मुख्यालय के 47 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्वक संपन्न हुई। जिला कलेक्टर निशान्त जैन ने पीएम श्री सादुल उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजकीय उच्च अध्ययन शिक्षा संस्थान तथा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, महर्षि दयानंद मार्ग स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी किशन दान चारण मौजूद रहे। अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) एवं परीक्षा समन्वयक श्रीमती रीना ने बताया कि परीक्षा के लिए 1,132 वीक्षक, 65 ऑब्जर्वर तथा 16 उप समन्वयक और 18 उप समन्वयकों की नियुक्ति की गई। परीक्षा की निगरानी के लिए आठ उड़नदस्ते गठित किए गए, जिनमें राजस्थान प्रशासनिक, पुलिस एवं शिक्षा सेवा के एक-एक अधिकारी को शामिल किया गया। उन्होंने बताया कि सरकारी परीक्षा केंद्रों पर 50 प्रतिशत तथा निजी परीक्षा केंद्रों पर 75 प्रतिशत वीक्षक सरकारी कार्मिकों में से नियुक्त किए गए। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दो-दो वीडियोग्राफर तैनात रहे। पुलिस की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। प्रश्नपत्रों की प्राप्ति, संग्रहण एवं वितरण से लेकर परीक्षा समाप्ति के बाद सीलबंद पैकेट आयोग को भेजे जाने तक की पूरी प्रक्रिया की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। परीक्षा व्यवस्था के लिए आठ कार्यपालक मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए। परीक्षा की पहली पारी में पंजीकृत 13,992 अभ्यर्थियों में से 9,754 उपस्थित रहे, जबकि 4,238 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार पहली पारी में 69.71 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। दूसरी पारी में 13,992 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 9,674 उपस्थित तथा 4,318 अनुपस्थित रहे। दूसरी पारी में अभ्यर्थियों की उपस्थिति 69.14 प्रतिशत रही।
