Bikaner Bikaner District Rajasthan

निकाय चुनाव के लिए 234 मतदान दल रवाना, 936 कार्मिक संभालेंगे जिम्मेदारी

निकाय चुनाव के लिए 234 मतदान दल रवाना, 936 कार्मिक संभालेंगे जिम्मेदारी
बीकानेर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिले की नोखा, देशनोक, श्रीडूंगरगढ़, नापासर, लूणकरणसर और खाजूवाला नगर पालिकाओं के सदस्यों के लिए शुक्रवार को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान के लिए गुरुवार को 234 मतदान दल राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय से अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। इस दौरान मतदान दलों के कार्मिकों को द्वितीय प्रशिक्षण दिया गया तथा ईवीएम और मतदान सामग्री उपलब्ध करवाई गई। जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन और सभी रिटर्निंग अधिकारी इस दौरान मौजूद रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान दलों के कार्मिकों को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। ईवीएम की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित मानकों का पालन किया जाए। उन्होंने पीठासीन अधिकारियों को अपने क्षेत्र के एरिया मजिस्ट्रेट, सेक्टर अधिकारी और रिटर्निंग अधिकारी से निरंतर समन्वय रखने तथा कम्युनिकेशन प्लान अपने पास रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक कार्मिक को पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता से कार्य करना होगा। प्रशिक्षण के बाद देशनोक के 25, खाजूवाला के 20, लूणकरणसर के 35, नापासर के 23, श्रीडूंगरगढ़ के 51 तथा नोखा के 80 मतदान दल रवाना किए गए। प्रत्येक दल में पीठासीन अधिकारी के साथ मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय और तृतीय शामिल हैं। कुल 936 कार्मिक निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न करवाएंगे। वहीं, छह नगर पालिकाओं के 64 संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों के लिए मतदान दलों के साथ वीडियोग्राफर भी रवाना किए गए। इस अवसर पर बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त स्नेहल धायगुड़े नाना, उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह रतनू, उपखंड अधिकारी महिमा कसाना, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी पंकज शर्मा सहित प्रशिक्षण से जुड़े अधिकारी और कार्मिक मौजूद रहे।
छह नगर पालिकाओं को अतिरिक्त रिजर्व ईवीएम आवंटित
सभी छह नगर पालिकाओं के लिए संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों को गुरुवार को अतिरिक्त रिजर्व ईवीएम आवंटित की गईं। इसके लिए प्रथम पूरक रेंडमाइजेशन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में हुए रेंडमाइजेशन के दौरान सभी रिटर्निंग अधिकारियों के साथ भाजपा के श्याम सिंह हाडला तथा कांग्रेस के प्रहलाद सिंह मार्शल और अम्बालाल इणखिया मौजूद रहे। इस दौरान छह नगर पालिकाओं को 28 बैलेट यूनिट और 26 कंट्रोल यूनिट आवंटित की गईं। ईवीएम प्रकोष्ठ प्रभारी रणजीत बिजारणिया ने बताया कि मतदान के दौरान ईवीएम में खराबी आने पर पहले रिजर्व ईवीएम का उपयोग किया जाएगा। इसके बाद आवश्यकता होने पर अतिरिक्त रिजर्व ईवीएम का उपयोग किया जाएगा। इस दौरान बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त स्नेहल धायगुड़े नाना, उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह रतनू और ईवीएम प्रकोष्ठ के सहायक प्रभारी भवानी प्रकाश मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *