

पर्युषण महापर्व में 8 से 15 सितंबर तक होंगे विविध धार्मिक आयोजन
बीकानेर। अखिल भारतीय साधुमार्गी जैन संघ के हुक्म संघ के नवम पट्टधर आचार्यश्री रामलालजी एवं उपाध्याय प्रवर राजेश मुनि के चातुर्मास ‘समर्पण-2026’ के तहत 8 से 15 सितंबर तक पर्युषण महापर्व का आयोजन किया जाएगा। छबीली घाटी स्थित सेवा सदन सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों में साधनारत साधु-साध्वियों के सान्निध्य में जन-जन के आध्यात्मिक उत्थान के लिए पचखाण से निर्वाण तक विविध धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। श्री अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन संघ, अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन महिला समिति एवं श्री अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी समत युवा संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस विशेष धर्म-आध्यात्म चेतना कार्यक्रम का उद्देश्य सभी भवि जीवों के सम्यक ज्ञान, सम्यक दर्शन एवं सम्यक चारित्र में अभिवृद्धि की मंगल भावना के साथ पर्युषण पर्व की आराधना करना है। श्री अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन संघ एवं श्री साधुमार्गी सेवा समिति बीकानेर के मंत्री सुरेश बछावत ने बताया कि पर्युषण महापर्व के दौरान आचार्य प्रवर, उपाध्याय प्रवर, मुनि एवं साध्वीवृंद के सान्निध्य में ज्ञान, तप, रस परित्याग, इंद्रिय विजय, साधना, यतना तथा विविध पचखाण अर्थात नियम एवं संकल्प ग्रहण किए जाएंगे। श्रावक-श्राविकाएं इन नियमों एवं संकल्पों का पालन करते हुए जप, तप, स्वाध्याय एवं ध्यान की साधना करेंगे।
