

हडाट फोर्स का रामदेवरा पैदल यात्री सेवा शिविर शुरू, 13 सितंबर तक चलेगा
बीकानेर। हडाट फोर्स सेवा समिति की ओर से सांखला फांटा से करीब 2 किलोमीटर आगे बाबा रामदेवरा जाने वाले पैदल यात्रियों की सेवार्थ सेवा शिविर शुरू किया गया है। समिति की ओर से आयोजित यह सेवा शिविर 7 से 13 सितंबर तक अनवरत जारी रहेगा। समिति सदस्य अजय राठी ने बताया कि शिविर में रामदेवरा की पैदल यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बसंत चांडक ने बताया कि शिविर में पदयात्रियों को चाय-नाश्ता, भोजन, शीतल पेयजल, नींबू शिकंजी सहित मेडिकल सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। नितेश ने बताया कि दूर-दराज से आने वाले पदयात्रियों के ठहरने के लिए भी शिविर में पर्याप्त व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को विश्राम एवं आवश्यक सुविधाएं मिल सकें। सदस्य श्याम राठी ने बताया कि समिति वर्ष 2005 से बाबा रामदेवरा एवं पूनरासर जाने वाले पदयात्रियों की सेवार्थ सेवा शिविर आयोजित करती आ रही है। इसी सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी शिविर लगाया गया है। नरेंद्र दुजारी ने बताया कि शिविर में भादवा दूज के अवसर पर बाबा रामदेवरा का जन्मोत्सव भी धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे और श्रद्धालु बाबा रामदेव के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करेंगे। सेवा शिविर में अनंत लाल दम्मानी, गजानंद सोमानी, रामनिवास राठी, नवरत्न अग्रवाल, लक्ष्मीनारायण राठी, भवानी शंकर, राजेश, लालजी, जगदीश प्रजापत, रामपाल सोनी, गोपाल कोठारी एवं अंकित चांडक सहित अनेक सेवार्थी पदयात्रियों की सेवा में जुटे हुए हैं। समिति सदस्यों ने बताया कि पदयात्रियों की सुविधा के लिए शिविर में व्यवस्थाओं का निरंतर संचालन किया जा रहा है।
