

श्रद्धा और उल्लास से मनाया पुष्करणा दिवस
बीकानेर। पुष्करणा समाज की कुलदेवी मां उष्ट्र वाहिनी के प्राकट्य दिवस को पुष्करणा दिवस के रूप में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर में विभिन्न स्थानों पर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित हुए।
मुरलीधर व्यास नगर रोड स्थित मां उष्ट्र वाहिनी मंदिर में राजस्थान पुष्टिकर यूथ विंग की ओर से पूजन, श्रृंगार एवं महाआरती का आयोजन किया गया। पंडित अशोक बिस्सा एवं शांति स्वरूप के सानिध्य में मां का पूजन कर श्रृंगार किया गया तथा भोग लगाकर महाआरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
आयोजन से जुड़े अरुण आचार्य ने बताया कि शाम को आचार्य राजेंद्र किराडू के आचार्यत्व में वेदपाठी पंडितों ने मंत्रोच्चार किया। भजन संध्या में सांवरलाल रंगा एवं अन्य कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में राजस्थान पुष्टिकर यूथ विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.जी. बिस्सा, गिरिराज बिस्सा, सुभाष जोशी, जयनारायण बिस्सा, अजय व्यास सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पुष्करणा स्टेडियम में ‘आया सावन झूम के’ कार्यक्रम
पुष्करणा प्रन्यास की ओर से पुष्करणा स्टेडियम में आयोजित मेले के तहत महिलाओं के लिए पारंपरिक नृत्य कार्यक्रम ‘आया सावन झूम के’ आयोजित किया गया। संयोजक राजकुमारी व्यास ने बताया कि विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं ने राजस्थानी एवं पारंपरिक गीतों पर प्रस्तुतियां दीं। हर्षिता व्यास ने गणेश वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम में अर्चना थानवी, शारदा पुरोहित एवं पूर्णिमा व्यास बतौर अतिथि मौजूद रहीं। संचालन सेनूका हर्ष ने किया। समापन पर गोकुल जोशी, चन्द्रेश हर्ष, जगमोहन हर्ष, बी.जी. बिस्सा, डॉ. सुनील हर्ष, सी.पी. बोहरा एवं शेखर आचार्य ने विजेताओं को पुरस्कृत किया तथा आयोजन को सफल बनाने वाले सहयोगियों का सम्मान किया।
