

बीएसएनएल का आजादी प्लान 2.0 लॉन्च, एक रुपये में 24 दिन की वैलिडिटी
बीकानेर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने अपने ग्राहकों के लिए आजादी प्लान 2.0 सहित नए मोबाइल एवं भारत फाइबर प्लान लॉन्च किए हैं। कंपनी की ओर से ग्राहकों को कम कीमत में अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का दावा किया गया है। बीकानेर व्यवसाय क्षेत्र के महाप्रबंधक ओ.पी. खत्री ने बताया कि आजादी दिवस के अवसर पर प्रीपेड मोबाइल के दो नए प्लान तथा भारत फाइबर के दो नए प्लान लॉन्च किए गए हैं। आजादी प्लान 2.0 के तहत मात्र एक रुपये में 24 दिन की वैलिडिटी के साथ प्रतिदिन 1 जीबी डेटा, अनलिमिटेड कॉलिंग और 100 एसएमएस प्रतिदिन की सुविधा दी जाएगी। इसी प्रकार बीएसएनएल स्वतंत्रता ऑफर प्लान के तहत 2,399 रुपये के रिचार्ज पर 412 दिन की वैलिडिटी मिलेगी। इसमें प्रतिदिन 2 जीबी डेटा, अनलिमिटेड कॉलिंग और 100 एसएमएस प्रतिदिन की सुविधा शामिल है। दोनों मोबाइल प्लान 12 अगस्त से 12 सितंबर तक उपलब्ध रहेंगे। खत्री ने बताया कि भारत फाइबर उपभोक्ताओं के लिए भी विशेष ऑफर पेश किया गया है। इसके तहत 1,199 रुपये के स्थान पर मात्र 1,111 रुपये मासिक में 200 एमबीपीएस हाई-स्पीड इंटरनेट, 5,000 जीबी डेटा, पूरे भारत में अनलिमिटेड कॉलिंग तथा 25 से अधिक ओटीटी प्लेटफॉर्म की सुविधा दी जाएगी। इसके साथ ड्यूल-बैंड वाई-फाई मॉडेम भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पेश किए गए इन विशेष प्लान का उद्देश्य ग्राहकों को किफायती दरों पर बेहतर मोबाइल एवं इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध कराना है।
