

हास्य, व्यंग्य और मंचीय वाक्पटुता के अप्रतिम साधक भवानी शंकर व्यास ‘विनोद’ की स्मृति में 11 अगस्त को साहित्यिक समारोह
बीकानेर। हास्य को सहज संवेदना, व्यंग्य को सामाजिक चेतना और शब्दों को मंच की जीवंत धड़कन बना देने वाले कीर्तिशेष साहित्य मनीषी भवानी शंकर व्यास ‘विनोद’ की जयंती पर सुरभि संस्था उन्हें साहित्यिक श्रद्धा और आत्मीय स्मरण के साथ नमन करेगी। उनकी स्मृति में 11 अगस्त को अजीत फाउंडेशन, बीकानेर में सायं 5 बजे से एक विशेष साहित्यिक समारोह आयोजित किया जाएगा। सुरभि संस्था के अध्यक्ष एवं साहित्यकार गोविंद जोशी तथा सचिव दिनेश उपाध्याय ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार मधु आचार्य होंगे, जबकि वरिष्ठ कथाकार मालचंद तिवाड़ी समारोह की अध्यक्षता करेंगे। समारोह में वरिष्ठ व्यंग्यकार बुलाकी शर्मा, राजेन्द्र स्वर्णकार एवं विद्यासागर पंचारिया ‘विनोद’ के सृजन संसार को अपने कविता-पाठ के माध्यम से स्मरण करेंगे। राजाराम एवं डॉ. नमामी शंकर आचार्य भी अपनी साहित्यिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ‘विनोद’ के व्यक्तित्व और कृतित्व को शब्दांजलि देंगे। वहीं ओमप्रकाश सारस्वत ‘विनोद’ के शैक्षिक लेखन एवं संपादन-कौशल पर पत्र-वाचन करेंगे। समारोह के दौरान साहित्य अनुरागी एवं समाजसेवी प्रेमरतन व्यास तथा चित्रकार योगेंद्र कुमार पुरोहित को ‘सुरभि सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। साहित्य और समाज के प्रति उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए दिया जाने वाला यह सम्मान समारोह की गरिमा को और विस्तार देगा। कार्यक्रम का संचालन संजय पुरोहित एवं राजा साँखी करेंगे।
