

अपनाघर आश्रम स्थापना पर मुख्यमंत्री से चर्चा, सेवा कार्य को मिलेगा नया आयाम
बीकानेर। जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने जयपुर स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से शिष्टाचार भेंट कर बीकानेर में भरतपुर के ‘माँ माधुरी बृज वारिस सेवा सदन अपनाघर’ की तर्ज पर प्रस्तावित ‘अपनाघर आश्रम’ की स्थापना को लेकर चर्चा की। पचीसिया ने बताया कि आश्रम का उद्देश्य मनोरोगी, मंदबुद्धि, बीमार, लाचार, असहाय, मूक-बधिर, बेसहारा एवं गुमनाम लोगों को आश्रय, उपचार और सम्मानपूर्ण जीवन उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इन जरूरतमंदों की सेवा को प्रभु सेवा मानते हुए उन्हें अपनापन और सुरक्षित आश्रय प्रदान करने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस पुनीत कार्य के लिए स्वर्गीय शिशुपाल एवं पलक कामरा परिवार द्वारा रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित अपनी भूमि दान स्वरूप उपलब्ध कराई जा रही है, जहां ‘अपनाघर आश्रम’ का निर्माण किया जाएगा। यह आश्रम जरूरतमंद एवं बेसहारा लोगों की सेवा और पुनर्वास का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। इस दौरान प्रन्यास वीरेंद्र किराडू, राजेश लदरेचा एवं अरविंद चौधरी भी उपस्थित रहे।
