

मंत्र दीक्षा कार्यशाला व किशोर दिवस आयोजित, बच्चों को दिए संस्कारों के संदेश
बीकानेर। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के निर्देशन में तेरापंथ युवक परिषद, बीकानेर द्वारा तेरापंथ भवन में साध्वी त्रिशला कुमारी के सानिध्य में मंत्र दीक्षा कार्यशाला एवं किशोर दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों और किशोरों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर धार्मिक एवं सांस्कारिक गतिविधियों में सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का शुभारंभ साध्वी रश्मिप्रभा के मंगलाचरण से हुआ। इसके पश्चात साध्वी कल्पयशा ने बच्चों एवं किशोरों से रोचक प्रश्नों और प्रेरक कहानियों के माध्यम से संवाद करते हुए धर्म के मूल मंत्र से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने दिन की शुरुआत परिवार के बड़े-बुजुर्गों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लेकर करनी चाहिए, जिससे जीवन में संस्कार और सकारात्मकता का विकास होता है। कुशल बाफना ने बताया कि कार्यक्रम में ललित राखेचा, जतनलाल संचेती, जतनलाल दुगड़, किशन बैद, देवेन्द्र डागा, दिनेश कुमार सोनी, चंचल चोपड़ा, प्रवीण लालाणी, कुलदीप छाजेड़, नीरज बोथरा एवं शोभित सेठिया ने मंत्र दीक्षा कार्यशाला में भाग लेने वाले बच्चों का जैन पताका, धार्मिक साहित्य एवं उपहार भेंट कर सम्मान किया। हर्षित नाहटा ने बताया कि किशोर दिवस के प्रथम चरण में 15 से अधिक किशोर साथियों ने सामायिक कर सार्थक सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों एवं किशोरों में धार्मिक संस्कार, अनुशासन और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
