

31 जुलाई को जयपुर में होगा एमजीएसयू का विशेष दीक्षांत समारोह
बीकानेर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू) 31 जुलाई को जयपुर स्थित लोकभवन में विशेष दीक्षांत समारोह आयोजित करेगा। समारोह में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर तथा शिक्षाविद् एवं समाजसेवी प्रो. अच्युत सामंत को सामाजिक विज्ञान संकाय की विद्यावाचस्पति (मानद) उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित ने बताया कि विश्वविद्यालय समाज और राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तित्वों को मानद उपाधि प्रदान करने की अपनी परंपरा का निर्वहन कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय का दूसरा विशेष दीक्षांत समारोह होगा। इससे पूर्व प्रख्यात मूर्तिकार अरुण योगीराज को भी मानद उपाधि प्रदान की जा चुकी है। कुलसचिव शम्भाल आहूजा ने बताया कि राज्यपाल की स्वीकृति से आयोजित होने वाले इस विशेष दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता राजस्थान के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति हरिभाऊ बागड़े करेंगे। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी उमेश शर्मा ने बताया कि समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
