

स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति छात्राओं को किया जागरूक
बीकानेर। महात्मा गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुजानदेसर में महावीर इंटरनेशनल के तत्वावधान में छात्राओं के लिए माहवारी स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को मासिक धर्म से जुड़ी वैज्ञानिक एवं सही जानकारी प्रदान कर उन्हें स्वच्छता, स्वास्थ्य और आत्मविश्वास के प्रति जागरूक बनाना था। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. अर्पिता गुप्ता ने छात्राओं को माहवारी के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या तथा सैनिटरी नैपकिन के सुरक्षित एवं सही उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए इसे एक प्राकृतिक प्रक्रिया बताया। इस अवसर पर चंद्रकुमार राखीचा ने कहा कि किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। वहीं कल्याण चंद चोपड़ा ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ-साथ बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में नीति शर्मा ने छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। इस दौरान शगुन, चेतना, साक्षी, खुशी, अंजलि, कृष्णा, डिम्पल, निधि, तपस्या, अक्षरा और डॉली को उत्कृष्ट सहभागिता के लिए सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के अंत में अध्यापिका हेमलता जोशी ने महावीर इंटरनेशनल, गंगाशहर तथा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम छात्राओं के बेहतर स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। इस अवसर पर अंशु जैन, सुनील सिंघड़, टोडरमल चोपड़ा, मनीषा परिहार सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
