

स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से लें प्रेरणा, लक्ष्य से कभी न हों विमुख
बीकानेर। श्रीमती शशिबाला मित्तल स्मृति चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के जीवन पर आधारित पोस्टर प्रदर्शनी एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन, संघर्ष और आदर्शों से परिचित कराना था। इस अवसर पर विवेक मित्तल ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के महापुरुषों का जीवन हम सभी के लिए, विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए, प्रेरणा का स्रोत है। उनके आदर्शों और संघर्षों से प्रेरणा लेकर युवा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कन्हैया लाल पंवार ने कहा कि महानायकों के जीवन से हमें यह सीख मिलती है कि लक्ष्य की प्राप्ति के मार्ग में आने वाली कठिनाइयों से घबराना नहीं चाहिए। धैर्य, संयम और बुद्धिमत्ता के साथ चुनौतियों का सामना करते हुए निरंतर आगे बढ़ना ही सफलता की कुंजी है। आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सोनम, मानसी, चिराग, वर्षा, पवन, दिव्या, अमित, मोनिका, भव्य, प्रथम और गौरी ने सही उत्तर देकर पुरस्कार प्राप्त किए। कार्यक्रम के सफल आयोजन में शाला प्रबंधक राकेश पंवार, प्राचार्या श्रीमती सरिता तथा विद्यालय के अन्य शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा।
