

वन महोत्सव के तहत शुरू किया 1000 पौधारोपण अभियान
बीकानेर। पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक विकास के प्रति अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए दत्ता पावर इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रम के अंतर्गत बीकानेर जिले में वन महोत्सव अभियान की शुरुआत की। अभियान के तहत जिले में 1,000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कुलदीप सिंह एवं वर्चस्वी गागल के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान का शुभारंभ 15 जुलाई 2026 को महात्मा गांधी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, केलां (बीकानेर) परिसर में वृक्षारोपण के साथ किया गया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करना, जैव विविधता को सशक्त बनाना तथा क्षेत्र में हरित आवरण का विस्तार कर स्वच्छ एवं संतुलित पर्यावरण की दिशा में सार्थक योगदान देना है। इस अवसर पर विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम में मोहनी देवी, मुकेश मेघवाल, चरण सिंह एवं मनोज भटनागर सहित विद्यालय परिवार, स्थानीय नागरिकों एवं कंपनी के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
