

केवी-3 नाल में स्काउट-गाइड तृतीय सोपान परीक्षण शिविर का शुभारंभ
बीकानेर। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-3, नाल में केंद्रीय विद्यालय संगठन, जयपुर संभाग के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय भारत स्काउट एवं गाइड तृतीय सोपान परीक्षण शिविर-2026 का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। शिविर 17 से 19 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा। विद्यालय के प्राचार्य दिलीप सिंह राजपुरोहित ने बताया कि शिविर में जयपुर संभाग के 25 केंद्रीय विद्यालयों से 113 स्काउट, 97 गाइड्स, 37 अनुरक्षक तथा 6 परीक्षक भाग ले रहे हैं। प्रतिभागी तीन दिनों तक विभिन्न प्रशिक्षण एवं परीक्षण गतिविधियों के माध्यम से स्काउट-गाइड की विभिन्न दक्षताओं का विकास करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महिपाल सिंह तथा विशिष्ट अतिथि विनोद भारतीय रहे। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। अजय ने शिविर की रूपरेखा, गतिविधियों एवं परीक्षण प्रक्रिया की जानकारी दी। प्राचार्य राजपुरोहित ने कहा कि स्काउट-गाइड गतिविधियां विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व, आत्मनिर्भरता तथा राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं।
