

रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र में नई जल पाइपलाइन व अतिरिक्त टंकी की मांग
बीकानेर। जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने विधायक जेठानंद व्यास से मुलाकात कर रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र की पुरानी एवं गहरी हो चुकी पेयजल पाइप लाइनों को बदलवाने तथा एक अतिरिक्त पानी की टंकी निर्माण के लिए राज्य सरकार से अनुशंसा करने का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि औद्योगिक क्षेत्र में जल वितरण की पाइपलाइन करीब 20 से 25 वर्ष पूर्व बिछाई गई थी। समय-समय पर सड़कों का स्तर ऊंचा होने के कारण पाइपलाइन अब 8 से 10 फीट गहराई में पहुंच गई है, जिससे मरम्मत कार्य में कठिनाई आती है। इसके अलावा पुरानी पाइपलाइन के बार-बार क्षतिग्रस्त होने से जल रिसाव की समस्या बनी रहती है तथा कई बार पेयजल आपूर्ति में गंदे पानी की शिकायत भी सामने आती है। उद्योग संघ ने इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए नई पाइपलाइन बिछाने और अतिरिक्त जल भंडारण टंकी का निर्माण कराने की मांग की। विधायक जेठानंद व्यास ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि समस्या के समाधान के लिए राज्य सरकार के स्तर पर आवश्यक प्रयास किए जाएंगे और शीघ्र ही उचित कार्रवाई कराने का प्रयास किया जाएगा।
