Bikaner Bikaner District Rajasthan Sports

बॉक्स क्रिकेट चैंपियनशिप: रोमांचक मुकाबलों के बीच सेमीफाइनल की तस्वीर साफ, बुधवार को होगा फाइनल

बॉक्स क्रिकेट चैंपियनशिप: रोमांचक मुकाबलों के बीच सेमीफाइनल की तस्वीर साफ, बुधवार को होगा फाइनल
बीकानेर। स्वर्गीय घनश्याम बिस्सा चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित बॉक्स क्रिकेट चैंपियनशिप के तीसरे दिन स्थानीय किशन गार्डन में पांच रोमांचक मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और दर्शकों ने रोमांचक मुकाबलों का भरपूर आनंद लिया। आयोजक हर्षित बिस्सा ने बताया कि कार्यक्रम में रामेश्वर बिश्नोई ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा प्रत्येक मैच के मैन ऑफ द मैच खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
पहले मुकाबले में टीम ऑक्टेन-1 ने द एलाइट-8 को चार विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। इस मैच में गौरीशंकर प्रजापत मैन ऑफ द मैच रहे, जबकि एलाइट-8 के हर्षित ने 17 गेंदों में 40 रन बनाकर सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार प्राप्त किया। दूसरे मुकाबले में तहलका-8 ने शानदार गेंदबाजी के दम पर जेएमडी को 32 रन से पराजित किया। शोभित आचार्य को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच एवं सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया। तीसरे मैच में बनिया सुपर-8 ने फाइटर-11 को सात विकेट से हराया। नितिन शर्मा को मैन ऑफ द मैच, जबकि दीपक अग्रवाल को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार दिया गया। चौथे मुकाबले में पुष्करणा यंगस्टर्स ने रोमांचक संघर्ष में पुष्करणा अकादमी को छह रन से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इस मैच में पवन व्यास मैन ऑफ द मैच और हैप्पी मारू सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज रहे। दिन के अंतिम मुकाबले में नॉट आउट ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ ओवर में 117 रन का टूर्नामेंट का सर्वाधिक स्कोर बनाया। लक्ष्य का पीछा करते हुए पार्टी पवेलियन निर्धारित लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और नॉट आउट ने 73 रन से शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में मुरली पुरोहित को मैन ऑफ द मैच तथा केशव रंगा को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया।हर्षित बिस्सा ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बुधवार को खेला जाएगा। इससे पूर्व पत्रकारों के मध्य एक सद्भावना क्रिकेट मैच भी आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *