

सौंदर्यीकरण अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ
बीकानेर।श्री कोडमदेसर भैरवनाथ मंदिर परिसर में चल रहे तालाब जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण अभियान के दूसरे चरण का बुधवार को विधिवत् शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर ‘भैरव उद्यान’ परियोजना के लिए भूमि पूजन एवं नींव पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भैरव भक्तों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। कम्यूनिटी वेलफेयर सोसायटी के कन्हैयालाल भाटी ने बताया कि नींव पूजन कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय आचार्य, उद्योगपति राजेश चूरा, कमल आचार्य, श्याम चौधरी, चंद्रमोहन जोशी, रामेश्वर गहलोत, अनंत श्रीमाली, दीपक सोलंकी, भगवान गहलोत, आशुराम गहलोत, भीम सेवग, रोहन मोदी सहित अनेक श्रद्धालु एवं भैरव भक्त उपस्थित रहे।
सोसायटी के संरक्षक राजकुमार किराड़ू ने बताया कि अभियान के दूसरे चरण के तहत ‘भैरव उद्यान’ का विकास किया जाएगा। परियोजना में हरियाली विकास, आकर्षक पाथवे, बैठने की समुचित व्यवस्था, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण को सुदृढ़ करने वाले विभिन्न कार्य शामिल किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य मंदिर परिसर को आस्था, पर्यावरण संरक्षण एवं पर्यटन की दृष्टि से एक आदर्श केंद्र के रूप में विकसित करना है। यह अभियान न केवल धार्मिक महत्व को बढ़ावा देगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुंदर एवं प्रेरणादायी धरोहर के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। राजकुमार किराड़ू ने कहा कि जनसहयोग एवं भैरव भक्तों के सतत सहयोग से सरोवर जीर्णोद्धार कार्य तेजी से आगे बढ़ा है। अब उद्यान विकास के माध्यम से पूरे परिसर को नई पहचान प्रदान करने की दिशा में कार्य किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर वातावरण एवं सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
