

ईएसआई डिस्पेंसरी में सीबीसी मशीन लगाने की मांग, संयुक्त शासन सचिव ने संसाधन बढ़ाने का दिया आश्वासन
बीकानेर। जिला उद्योग संघ स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) डिस्पेंसरी नंबर-2 का निरीक्षण करने पहुंचे संयुक्त शासन सचिव, कर्मचारी राज्य बीमा निगम महेंद्र खड़गावत से श्रमिकों की स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं। जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने बताया कि डिस्पेंसरी में इलाज के लिए आने वाले श्रमिकों हेतु सीबीसी (कम्पलीट ब्लड काउंट) मशीन उपलब्ध नहीं है। इसके कारण मरीजों को रक्त जांच के लिए अन्य सरकारी संस्थानों में जाना पड़ता है, जिससे समय और संसाधनों की अतिरिक्त परेशानी होती है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में डिस्पेंसरी में प्रतिदिन लगभग 60 से 70 मरीजों की ओपीडी होती है। जिला उद्योग संघ द्वारा पिछले कई दशकों से इस डिस्पेंसरी के रखरखाव में सहयोग किया जाता रहा है। रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र तथा आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले ईएसआई पंजीकृत श्रमिकों को इस डिस्पेंसरी से काफी लाभ मिल रहा है। इस पर संयुक्त शासन सचिव महेंद्र खड़गावत ने आश्वस्त किया कि डिस्पेंसरी में शीघ्र आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी तथा श्रमिकों के हितों से जुड़ी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। इस अवसर पर निष्ठा पारख, केदारनाथ अग्रवाल, निर्मल पारख, राजीव शर्मा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
