Bikaner Bikaner District Rajasthan

योग दिवस की तैयारियों को लेकर सामूहिक योग शिविर, योगयुक्त और नशामुक्त जीवन का लिया संकल्प

योग दिवस की तैयारियों को लेकर सामूहिक योग शिविर, योगयुक्त और नशामुक्त जीवन का लिया संकल्प
बीकानेर। महर्षि पतंजलि योग संस्थान एवं आयुर्वेद विभाग के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व तैयारियों के तहत जवाहर पार्क में योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में योग साधकों ने भाग लेकर सामूहिक योग प्रोटोकॉल का अभ्यास किया तथा योगयुक्त एवं नशामुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आयुर्वेद विभाग के डॉ. इरशाद रफीक रहे। योग गुरु दीपक शर्मा के नेतृत्व में आयोजित शिविर में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं योगाभ्यास करवाए गए। इस अवसर पर दीपक शर्मा ने कहा कि स्वस्थ भारत का सपना केवल दवाइयों से नहीं, बल्कि अनुशासित दिनचर्या और योगमय जीवनशैली से साकार हो सकता है। योग साधकों ने समाज को स्वास्थ्य, संयम और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि डॉ. इरशाद रफीक ने कहा कि आयुर्वेद और योग एक ही जीवन दर्शन के दो सशक्त स्तंभ हैं, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिविर संचालक नन्दलाल शर्मा ने कहा कि यदि परिवार में योग की शुरुआत होती है तो संस्कारों की एक सशक्त और स्वस्थ नई पीढ़ी तैयार होती है। उन्होंने नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर कन्हैयालाल सुथार, मोहित स्वामी, लोकेश व्यास एवं प्रहलाद सिंह चौधरी ने भी अपने विचार व्यक्त किए और योग के महत्व पर प्रकाश डाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *