

निःशुल्क योग एवं संस्कार शिविर बना बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणा केंद्र
बीकानेर। भारत स्वाभिमान, पतंजलि योग समिति एवं युवा भारत, बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में बाबा रामदेव पार्क, मुरलीधर व्यास कॉलोनी रोड में आयोजित निःशुल्क योग एवं खेलकूद संस्कार शिविर बच्चों, युवाओं एवं अभिभावकों के लिए उपयोगी एवं प्रेरणादायी केंद्र बना हुआ है। शिविर में योगाभ्यास और खेलकूद गतिविधियों के साथ बच्चों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, सेवा भावना एवं राष्ट्रसेवा के प्रति भी प्रेरित किया जा रहा है। प्रतिभागियों को सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं सामूहिक प्रार्थना का नियमित अभ्यास भी कराया जाता है, जिससे उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास एवं आध्यात्मिक संस्कारों का विकास हो रहा है। शिविर संयोजक नंदकिशोर गहलोत ने बताया कि शिविर का आयोजन 28 जून तक निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली, नैतिक शिक्षा और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना है।
