

पीबीएम अस्पताल मामले में पुलिस बल प्रयोग की निष्पक्ष जांच हो
बीकानेर। पीबीएम अस्पताल की अव्यवस्थाओं एवं प्रसूताओं की बिगड़ी तबीयत के मामले को लेकर शहर एवं देहात कांग्रेस पार्टी द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन पर पुलिस द्वारा किए गए बल प्रयोग की कड़ी निंदा की गई है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को अपनी बात रखने और जनहित के मुद्दों पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने का संवैधानिक अधिकार है। ऐसे में प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने मांग की कि लाठीचार्ज अथवा बल प्रयोग किसके आदेश पर किया गया, इसकी मजिस्ट्रेट जांच करवाई जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार पुलिस के माध्यम से विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पीबीएम अस्पताल की व्यवस्थाओं, प्रसूताओं की स्थिति तथा प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं की पारदर्शी जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि आमजन का लोकतांत्रिक व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।
