

भाजपा देहात की संगठनात्मक बैठक सम्पन्न
बीकानेर। भाजपा बीकानेर देहात की संगठनात्मक बैठक संभाग कार्यालय में जिला अध्यक्ष श्याम पंचारिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक विषयों, आगामी कार्यक्रमों एवं पार्टी गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती, जनसंपर्क गतिविधियों के विस्तार तथा आगामी कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित है तथा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का आह्वान किया। बैठक में विधायक जेठानंद व्यास, भवानी पाईवाल, दिलीप सिंह राजपुरोहित, कैलाश बिश्नोई, महावीर चारण, पवन स्वामी सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के उपरांत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
