

संध्योपासना एवं विष्णुसहस्रनाम प्रशिक्षण शिविर 16 जून से
बीकानेर। वैदिक संस्कृति, धार्मिक परम्पराओं एवं आध्यात्मिक जीवन मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से शाकद्वीपीय वेद पाठी संघ के तत्वावधान में द्वितीय वर्ष भी संध्योपासना एवं विष्णुसहस्रनाम प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि यह शिविर 16 जून से शिवशक्ति सदन, डागा मोहल्ला, बीकानेर में प्रारम्भ होगा। उन्होंने बताया कि शिविर का उद्देश्य युवा पीढ़ी एवं समाज के विभिन्न वर्गों को वैदिक परम्पराओं, संध्योपासना की विधि तथा विष्णुसहस्रनाम के नियमित पाठ के महत्व से परिचित कराना है। शिविर में प्रतिभागियों को संध्यावंदन, वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-पद्धति एवं विष्णुसहस्रनाम के शुद्ध उच्चारण का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। संघ के पदाधिकारियों ने अधिकाधिक संख्या में धर्मप्रेमी बंधुओं, युवाओं एवं विद्यार्थियों से शिविर में सहभागिता कर वैदिक ज्ञान एवं आध्यात्मिक संस्कारों का लाभ लेने का आह्वान किया है। उनका कहना है कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति और सनातन परम्पराओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
