

महिला के पेट से निकाली 20 किलो वजनी ट्यूमर
बीकानेर। पीबीएम अस्पताल स्थित आचार्य तुलसी क्षेत्रीय कैंसर उपचार एवं अनुसंधान संस्थान के चिकित्सकों ने एक जटिल एवं जोखिमपूर्ण सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए 40 वर्षीय महिला के पेट से लगभग 20 किलोग्राम वजनी विशाल ओवेरियन ट्यूमर निकालकर उसकी जान बचाई। करीब पांच घंटे तक चले इस ऑपरेशन को कैंसर सर्जरी विभाग की टीम ने सफलता के साथ पूरा किया। डॉ. संदीप गुप्ता ने बताया कि श्रीगंगानगर निवासी महिला लंबे समय से पेट में लगातार बढ़ रही गांठ से परेशान थी। समय के साथ ट्यूमर का आकार इतना बढ़ गया कि उसके लिए सामान्य जीवन जीना भी कठिन हो गया था। उन्होंने बताया कि कैंसर सर्जरी विभाग की टीम ने अत्यंत सावधानी और विशेषज्ञता के साथ ऑपरेशन कर ट्यूमर को शरीर से अलग किया और सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया। चिकित्सकों के अनुसार यह सर्जरी काफी चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन टीम के समन्वित प्रयासों से इसे सफल बनाया गया। इस सफल ऑपरेशन में डॉ. नीति शर्मा, डॉ. सुरेंद्र कुमार, डॉ. बी.सी. घीया, डॉ. संगीता सेठिया, डॉ. पुष्पा, डॉ. उत्कर्ष सहित चिकित्सा टीम के अन्य सदस्यों पंकज, ओटी कृष्णा स्वामी, अभिलाषा, रविंदर, सरोज, महेंद्र, पूनम बाबू, साजिद और पूजा ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। अस्पताल प्रशासन ने पूरी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है।
