

गौ-संरक्षण एवं सनातन संस्कृति के संदेश के साथ 84 कोस ब्रजधाम पदयात्रा प्रारंभ
बीकानेर/मथुरा। गंगाशहर-सुजानदेसर स्थित रामझरोखा कैलाशधाम के पीठाधीश्वर राष्ट्रीय संत श्री सरजूदास जी महाराज के नेतृत्व में 84 कोस ब्रजधाम की पदयात्रा शनिवार को विधिवत रूप से प्रारंभ हुई। यह यात्रा मथुरा के विश्राम घाट से वैदिक मंत्रोच्चार, पूजन-अर्चन एवं संत-महात्माओं के सान्निध्य में शुरू की गई।
सरजूदास जी महाराज ने बताया कि पदयात्रा का उद्देश्य गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने, गौ-संरक्षण के प्रति जनजागरण तथा सनातन संस्कृति को निरंतर सशक्त एवं ऊर्जावान बनाए रखने का संकल्प जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि श्री यमुना महारानी के पूजन-अर्चन के साथ प्रारंभ हुई यह धर्मयात्रा ब्रजभूमि की पावन रज में लगभग 300 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। उन्होंने बताया कि आगामी 10 दिनों तक चलने वाली इस पदयात्रा में 25 से अधिक संत-महात्मा एवं श्रद्धालु सहभागी बने हुए हैं। यात्रा के दौरान विभिन्न धार्मिक स्थलों पर प्रवचन, भजन एवं धर्म जागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर पूज्य महंत श्री दीनबंधुदास जी महाराज (दिल्ली), श्री रघुवीरदास जी महाराज, श्री रामकुमारदास जी महाराज, श्री विजयदास त्यागी जी महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं का पावन सान्निध्य प्राप्त हुआ। यात्रा के माध्यम से गौ-सेवा, धर्म रक्षा, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण एवं समाज में आध्यात्मिक चेतना के प्रसार का संदेश दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं में इस धर्मयात्रा को लेकर विशेष उत्साह एवं श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है।
