Bikaner Bikaner District Jaipur Rajasthan

“सुकून की छाँव” अभियान के तहत जरूरतमंदों को मिलेंगे निःशुल्क छाते

“सुकून की छाँव” अभियान के तहत जरूरतमंदों को मिलेंगे निःशुल्क छाते
जयपुर\बीकानेर। भीषण गर्मी, तेज धूप एवं बरसात जैसी प्रतिकूल परिस्थितियों में खुले आसमान के नीचे कार्य करने वाले स्ट्रीट वेंडर्स, रेहड़ी-पटरी संचालकों तथा श्रमिक वर्ग को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से महावीर इंटरनेशनल द्वारा विशेष सेवा अभियान “सुकून की छाँव” प्रारंभ किया गया है। इस जनहितकारी अभियान के तहत जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क मजबूत एवं उच्च गुणवत्ता वाले छाते वितरित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य ऐसे लोगों को मौसम की चुनौतियों से सुरक्षा प्रदान करना है, जो रोज़गार के लिए दिनभर खुले वातावरण में कार्य करने को मजबूर हैं। वितरित किए जाने वाले छाते 48 इंच आकार के, लगभग 7 फीट ऊंचाई वाले, वाटरप्रूफ एवं हेवी ड्यूटी गुणवत्ता के होंगे, जो तेज धूप के साथ-साथ वर्षा से भी प्रभावी सुरक्षा प्रदान करेंगे। महावीर इंटरनेशनल के पदाधिकारी अनिल कुमार बांठिया ने बताया कि संस्था “सबकी सेवा, सबको प्यार” के मूल मंत्र के साथ देशभर में विभिन्न सामाजिक एवं मानवीय सेवा गतिविधियों का संचालन कर रही है। उन्होंने कहा कि “सुकून की छाँव” अभियान के माध्यम से श्रमिकों एवं स्ट्रीट वेंडर्स को राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में अपना कार्य कर सकें। संस्था का मानना है कि छोटे-छोटे सेवा कार्य समाज के जरूरतमंद वर्ग के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। इसी सोच के साथ यह अभियान संचालित किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *