

सौर ऊर्जा क्षेत्र की समस्याओं और सुझावों को लेकर एमएनआरई से मिला प्रतिनिधिमंडल
बीकानेर/नई दिल्ली। देश के सौर ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न संगठनों एवं उद्यमियों ने नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) के समक्ष शांतिपूर्ण, संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखते हुए सौर उद्योग से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर संवाद स्थापित किया। इस अवसर पर सोलर संगठनों तथा बीकानेर एसोसिएशन ऑफ सोलर एनर्जी (बीएएसई) के प्रतिनिधिमंडल ने मंत्रालय पहुंचकर सौर ऊर्जा क्षेत्र, उपभोक्ताओं एवं देश के ऊर्जा भविष्य से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों को सरकार के समक्ष रखा। बैठक में एमएनआरई के वरिष्ठ अधिकारी आदित्य सिंह, मंत्रालय के वैज्ञानिक करण धार, नीति निर्माण से जुड़े अधिकारी तथा मंत्रालय की सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने सौर उद्योग के समक्ष आ रही चुनौतियों, उपभोक्ताओं की समस्याओं तथा क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। सोलर संगठन की ओर से अरविंद सिंधावा ने उद्योग की वर्तमान परिस्थितियों एवं जमीनी स्तर पर सामने आ रही चुनौतियों को विस्तार से रखा। वहीं बीकानेर से डॉ. शरद दत्त आचार्य और नीरज गहलोत तथा जयपुर से अर्पित खंडेलवाल ने विभिन्न राज्यों में सोलर उपभोक्ताओं, उद्यमियों एवं इंस्टॉलेशन कंपनियों द्वारा झेली जा रही व्यावहारिक समस्याओं से मंत्रालय को अवगत कराया।
बैठक के दौरान सौर ऊर्जा संगठनों की ओर से मंत्रालय को एक विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा गया। ज्ञापन में देश की ऊर्जा सुरक्षा, आत्मनिर्भर भारत अभियान, घरेलू विनिर्माण को प्रोत्साहन, उपभोक्ता हितों की सुरक्षा तथा सौर ऊर्जा क्षेत्र में संतुलित एवं व्यावहारिक नीतियों के निर्माण को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए गए। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि मंत्रालय के साथ हुए इस सकारात्मक संवाद से सौर ऊर्जा क्षेत्र की चुनौतियों के समाधान का मार्ग प्रशस्त होगा तथा देश में स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार को नई गति मिलेगी।
