Bikaner Bikaner District Rajasthan

तीन साल बाद भी शुरू नहीं हुई बीकानेर–सूरत और बीकानेर–मुंबई हवाई सेवा, उद्योग संघ ने उठाई मांग

तीन साल बाद भी शुरू नहीं हुई बीकानेर–सूरत और बीकानेर–मुंबई हवाई सेवा, उद्योग संघ ने उठाई मांग
बीकानेर। बीकानेर जिला उद्योग संघ ने क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान 5.0 के तहत आवंटित बीकानेर–सूरत एवं बीकानेर–मुंबई हवाई सेवाओं को शीघ्र शुरू कराने की मांग की है। इस संबंध में संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया, उपाध्यक्ष नरेश मित्तल एवं अशोक सुराणा, सचिव वीरेंद्र किराडू, कोषाध्यक्ष पारस डागा तथा सह सचिव श्यामसुन्दर सोनी ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को पत्र भेजा है। ज्ञापन में बताया गया कि बीकानेर–सूरत और बीकानेर–मुंबई हवाई मार्ग को क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान 5.0 के अंतर्गत स्पाइसजेट को आवंटित किया गया था। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा 25 जुलाई 2023 को जारी लेटर ऑफ अवार्ड के परिशिष्ट-ए में यह मार्ग रूट नंबर 51 (सूरत–बीकानेर) के रूप में स्पष्ट रूप से दर्ज है। इसके बावजूद आवंटन के लगभग तीन वर्ष बाद भी इस मार्ग पर हवाई सेवा शुरू नहीं हो पाई है।
उद्योग संघ ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बीकानेर संभाग के नागरिक आज भी इस महत्वपूर्ण हवाई सेवा से वंचित हैं। व्यापार, उद्योग, पर्यटन और शिक्षा के क्षेत्र में बीकानेर की बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए सूरत और मुंबई जैसे प्रमुख शहरों से सीधी हवाई कनेक्टिविटी अत्यंत आवश्यक है। संघ ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि बीकानेर क्षेत्र लंबे समय से अपेक्षित स्तर की हवाई सुविधाओं से वंचित रहा है। ऐसे में बीकानेर–सूरत एवं बीकानेर–मुंबई जैसे महत्वपूर्ण मार्गों का संचालन शुरू नहीं होना क्षेत्रवासियों की आवश्यकताओं और अपेक्षाओं के विपरीत है। उद्योग संघ ने केंद्र सरकार से हस्तक्षेप कर स्पाइसजेट को शीघ्र उड़ान सेवा प्रारंभ करने के निर्देश देने तथा बीकानेर को बेहतर हवाई संपर्क उपलब्ध कराने की मांग की है, जिससे क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन और आर्थिक विकास को नई गति मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *