Bikaner Bikaner District Rajasthan

चालान निस्तारण व्यवस्था में सुधार की मांग, मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री को भेजा पत्र

चालान निस्तारण व्यवस्था में सुधार की मांग, मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री को भेजा पत्र
बीकानेर। व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी ने राजस्थान के मुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री को पत्र लिखकर परिवहन विभाग द्वारा किए जा रहे चालानों के निस्तारण की वर्तमान व्यवस्था में सुधार करने की मांग की है। मंडल का कहना है कि मौजूदा व्यवस्था के कारण ट्रक ऑपरेटरों, वाहन मालिकों एवं चालकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंडल द्वारा भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि परिवहन विभाग के अधिकारी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में मालवाहक वाहनों के चालान तो कर देते हैं, लेकिन चालान का निस्तारण एवं भुगतान संबंधित अधिकारी के मूल कार्यक्षेत्र में जाकर करने की बाध्यता वाहन स्वामियों पर डाल दी जाती है। इससे वाहन मालिकों को आर्थिक, मानसिक और समय संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। संजय जैन ने बताया कि विशेष रूप से छोटे एवं एकल ट्रक मालिक इस व्यवस्था से सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। चालान के निस्तारण में विलंब होने के कारण कई बार वाहन दिनों तक खड़े रहते हैं, जिससे माल परिवहन प्रभावित होता है और व्यापारिक गतिविधियों पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। व्यापार उद्योग मंडल ने राज्य सरकार से मांग की है कि चालान निस्तारण की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं ऑनलाइन बनाया जाए, ताकि वाहन स्वामी किसी भी स्थान से चालान का भुगतान और निस्तारण कर सकें। मंडल का मानना है कि इससे परिवहन क्षेत्र को राहत मिलेगी तथा व्यापार और उद्योग की गतिविधियां भी सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *