

53 वर्षों की निष्काम सेवा के बाद बाबा जोगिंदर सिंह को भावभीनी विदाई
बीकानेर। गुरुद्वारा श्री नानक दरबार, लालगढ़ में पिछले 53 वर्षों से मुख्य सेवादार के रूप में सेवा दे रहे बाबा जोगिंदर सिंह जी को रविवार को शहर एवं लालगढ़ क्षेत्र की समूह संगत द्वारा भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर गुरुद्वारा परिसर श्रद्धा, सम्मान और भावनाओं से सराबोर नजर आया। विदाई समारोह के दौरान गुरुद्वारा साहिब में सुखमनी साहिब के पाठ का भोग डाला गया तथा समूह संगत ने बाबा जोगिंदर सिंह जी की दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की अरदास की। संगत के सदस्यों ने उनकी दशकों तक चली निष्काम, समर्पित और प्रेरणादायी सेवा को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की। बाबा जोगिंदर सिंह जी वर्ष 1974 में मात्र 11 वर्ष की आयु में गुरुद्वारा श्री नानक दरबार में सेवा के लिए आए थे। तब से लेकर आज तक उन्होंने गुरु घर और संगत की सेवा को ही अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनकी विनम्रता, सेवा भावना और गुरु के प्रति अटूट श्रद्धा ने उन्हें संगत के बीच विशेष सम्मान दिलाया। समारोह में उपस्थित श्रद्धालुओं ने कहा कि बाबा जोगिंदर सिंह जी की सेवाएं आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेंगी। उनके स्नेह, समर्पण और अनुशासित जीवन ने गुरुद्वारा प्रबंधन एवं संगत को नई दिशा प्रदान की है। विदाई के अवसर पर संगत ने ढोल-नगाड़ों की मधुर धुनों के बीच नाचते-गाते हुए बाबा जोगिंदर सिंह जी को सम्मानपूर्वक उनके निवास तक छोड़ा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर उनके प्रति अपनी श्रद्धा, प्रेम और सम्मान व्यक्त किया।
